राजनीति

दिल्ली में आज I.N.D.I.A की लोकतंत्र बचाओ रैली

31, Mar 2024 News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news 45

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज I.N.D.I.A ब्लॉक की रैली है। सुबह 11 बजे विपक्षी गुट की 27 पार्टियां रैली में शामिल होंगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को कहा कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी रैली को संबोधित करेंगे। सोनिया भी रैली में शामिल हो सकती हैं।

इस रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद रहेंगीं। वहीं, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन इस रैली में शामिल होने के लिए कल दोपहर दिल्ली पहुंचीं। उन्होंने रात में सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की। दोनों ने कहा कि हम केंद्र के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। इस रैली में झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, NCP (SP) चीफ शरद पवार, RJD नेता तेजस्वी यादव, CPI (M) महासचिव सीताराम येचुरी, CPI महासचिव डी राजा, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला, PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती, समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव, DMK के तिरुचि शिवा, TMC के डेरेक ओ ब्रायन समेत कई लोग हिस्सा लेंगे। 

जयराम रमेश ने कहा कि रैली में विपक्षी नेता बढ़ती कीमतें, 45 साल में सबसे ऊंची बेरोजगारी दर, आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण और किसानों के खिलाफ अन्याय के मुद्दे उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि एक और प्रमुख मुद्दा जो उठाया जाएगा, वह केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के माध्यम से विपक्ष को निशाना बनाना है। रमेश ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को निशाना बनाने के चलते दो मुख्यमंत्रियों और कई मंत्रियों को गिरफ्तार किया गया है।

रमेश ने बताया कि चुनावी बॉन्ड के माध्यम से जबरन वसूली और कांग्रेस को टैक्स आतंकवाद से निशाना बनाए जाने के मुद्दे भी उठाए जाएंगे।

 



About author

News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news

AB 208 Nirman Nagar Vivekanand Marg Ajmer road jaipur - 302019


Scroll to Top