राजनीति
गहलोत इस्तीफा देंगे; स्पीकर, नेता प्रतिपक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष, 17 मंत्री हारे
03, Dec 2023
News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news
1275
राजस्थान की 21 हॉट सीट में 10 से ज्यादा सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता सीपी जोशी चुनाव हार गए हैं। आमेर से भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया चुनाव हार गए हैं। भाजपा के सांसद भागीरथ चौधरी, नरेंद्र खीचड़ और देवजी पटेल को भी हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं तारानगर में भाजपा के राजेंद्र राठौड़ और नागौर में ज्योति मिर्धा काउंटिंग के आखिरी दौर में काफी पिछड़ चुकी हैं।
विद्याधर नगर से दीया कुमारी ने 71,368 वोटों से रिकॉर्ड जीत हासिल की है। वहीं झोटवाड़ा सीट से राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 56 हजार 385 वोट से जीत हासिल की। वसुंधरा राजे, अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने अपनी-अपनी सीट पर जीत हासिल की है। अभी पोकरण में धर्मगुरुओं के बीच मुकाबला जारी है। तिजारा में बालकनाथ लीड पर हैं। वोटों के ध्रुवीकरण के चलते हवामहल से बीजेपी के बालमुकुंद आचार्य ने करीबी मुकाबले में जीत हासिल की है।
इन सीटों के नतीजे आए
- हवामहल सीट से धर्म गुरु बालमुकुंद आचार्य जीत गए हैं। वे एक हजार वोट से कम अंतर से जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के आरआर तिवाड़ी को हराया।
- जयपुर की विद्याधर नगर सीट से दीया कुमारी 71,368 वोटो से चुनाव जीती हैं। यह जीत जयपुर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष सीताराम अग्रवाल को हराया।
- कोटा उत्तर से मंत्री शांति धारीवाल ने एक बार फिर जीत दर्ज की है। उन्होंने 2486 वोट से भाजपा के प्रहलाद गुंजल को हराया।
- ओसियां से कांग्रेस प्रत्याशी दिव्या मदेरणा भाजपा के भैराराम सियोल से हार गईं। भैराराम ने दिव्या को 2700 से अधिक मतों से हरा दिया। हालांकि अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
- भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया की हार लगभग तय हो गई है। आमेर सीट पर वे कांग्रेस के प्रशांत शर्मा 7624 वोट से पीछे चल रहे हैं। आखिरी राउंड में करीब 8 हजार वोटों की गिनती बाकी है।
- सीकर विधानसभा सीट से कांग्रेस के राजेंद्र पारीक जीते। पारीक ने भाजपा के रतनलाल जलधारी को 29 हजार 327 वोट से हराया। पारीक को 95 हजार 722 वोट और जलधारी को 66 हजार 395 वोट मिले।
- चित्तौड़गढ़ से भाजपा के बागी चंद्रभान सिंह आक्या जीत गए हैं। उन्हें 98446 वोट मिले हैं। जीत का मार्जिन 6823 रहा। कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह जाड़ावत को 91623 वोट मिले।
- बहरोड़ से भाजपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव जीत गए हैं। उन्हें 69,143 वोट मिले, उनकी जीत का मार्जिन 16,815 रहा। वहीं निर्दलीय बलजीत यादव को 52,328 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी संजय यादव 45,601 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
- दूदू में बीजेपी प्रत्याशी प्रेमचंद बैरवा जीते। हालांकि आधिकारिक घोषणा बाकी है। 18 राउंड के बाद 32,873 की लीड बैरवा के पास है। अब केवल 13 हजार वोटों की गिनती शेष है, ये वोट भी नागर को मिलेंगे तो वे जीत नहीं पाएंगे।
- पिंडवाड़ा (सिरोही) सीट से भाजपा के समाराम गरासिया जीत गए हैं। भाजपा के समाराम को 70 हजार 83 वोट मिले, वहीं कांग्रेस कके 56 हजार 917 वोट हासिल हुए। समाराम गरासिया 13 हजार 166 वोट से जीते।
- चौरासी सीट से भारतीय आदिवासी पार्टी के राजकुमार रोत ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के सुशील कटारा को 69 हजार 166 वोट से हराया है। कटारा को 41 हजार 984 वोट मिले हैं। चुनाव आयोग ने इसकी उनके जीतने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
- अजमेर दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी अनिता भदेल जीत गई हैं। उन्हें 71,319 वोट मिले, उनकी जीत का मार्जिन 4446 रहा। वहीं कांग्रेस की द्रोपदी कोली को 66,873 वोट मिले।
- भरतपुर से राष्ट्रीय लोक दल के कैंडिडेट और मंत्री सुभाष गर्ग ने जीत दर्ज की है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
- चौमूं (जयपुर) सीट से कांग्रेस की डॉ शिखा मील बराला ने जीत दर्ज की है। उन्हें 85746 वोट मिले। जीत का मार्जिन 5695 रहा। वहीं, भाजपा के रामलाल को 80051 वोट मिले।
- बांदीकुई (दौसा) सीट से भाजपा के भागचंद टांकड़ा जीते। उन्हें 91310 वोट मिले। जीत का मार्जिन 12750 रहा। वहीं, कांग्रेस के गजराज खटाणा को 78560 वोट मिले।