राजनीति
MP रिजल्ट, 'लाड़ली' लहर से भाजपा को प्रचंड बहुमत
03, Dec 2023
News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news
87
मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए रविवार सुबह 8 बजे से काउंटिंग चल रही है। रुझान में BJP को प्रचंड बहुमत है। BJP 161 और कांग्रेस 66 सीटों पर आगे चल रही है। 3 सीट पर अन्य आगे हैं। बहुमत के लिए 116 सीट चाहिए।
मुरैना की दिमनी से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर 11वें राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद 1195 वोट से आगे हो गए। 8वें राउंड में वे पिछड़ गए थे। सिंगरौली से AAP प्रत्याशी महापौर रानी अग्रवाल चौथे नंबर पर हैं। पथरिया से बसपा प्रत्याशी रामबाई तीसरे नंबर पर हैं।
पहला नतीजा शाजापुर जिले की कालापीपल से चौंकाने वाला रहा। यहां भाजपा प्रत्याशी घनश्याम चंद्रवंशी ने कांग्रेस के मजबूत कैंडिडेट विधायक कुणाल चौधरी को 11941 वोट से हरा दिया। सोनकच्छ (देवास) से कांग्रेस विधायक सज्जन वर्मा और राऊ (इंदौर) से कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी बड़े अंतर से लगातार पीछे चल रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लाड़ली बहना को गेमचेंजर बताते हुए कहा, 'ग्वालियर-चंबल सहित प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को अपना कद दिखा दिया।'
भाजपा
- बुधनी (सीहोर) से CM शिवराज सिंह चौहान, इंदौर-1 से कैलाश विजयवर्गीय, दिमनी (मुरैना) से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आगे।
- दतिया से गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, उज्जैन दक्षिण से मंत्री मोहन यादव, निवास (मंडला) से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते पीछे।
- बड़वानी से मंत्री प्रेम सिंह पटेल, सुरखी (सागर) से मंत्री गोविंद राजपूत, देवतालाब (रीवा) से स्पीकर गिरीश गौतम, बमोरी (गुना) से मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया पीछे।
- नरेला (भोपाल) से मंत्री विश्वास सारंग, सुवासरा (मंदसौर) से मंत्री हरदीप सिंह डंग, बुरहानपुर से पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस आगे।
- गाडरवारा (नरसिंहपुर) से सांसद उदय प्रताप सिंह, मल्हारगढ़ (मंदसौर) से मंत्री जगदीश देवड़ा, नरसिंहपुर से प्रहलाद पटेल आगे।
- सांची से मंत्री प्रभुराम चौधरी आगे। मुंगावली (अशोकनगर) से मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव पीछे।
- कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए विधायक सचिन बिरला को बड़वाह में बढ़त। दमोह से जयंत मलैया आगे।
कांग्रेस
- छिंदवाड़ा से कमलनाथ आगे। लहार (भिंड) से नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह पीछे चल रहे हैं।
- राघौगढ़ (गुना) में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह पीछे हो गए हैं।
- पिछला चुनाव हारे कांग्रेस के अजय सिंह 'राहुल भैया' को चुरहट (सीधी) में बढ़त।
- राऊ (इंदौर) से जीतू पटवारी, गोटेगांव (नरसिंहपुर) से पूर्व स्पीकर एनपी प्रजापति पीछे।
- राजपुर (बड़वानी) से पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन, महेश्वर (खरगोन) से पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ पीछे।
- खातेगांव (देवास) से दीपक जोशी, कसरावद (खरगोन) से सचिन यादव, गंधवानी (धार) से उमंग सिंगार, चांचौड़ा (गुना) से लक्ष्मण सिंह पीछे।