राजनीति

प्रत्याशियों ने 5 लाख रुपए तक चाय-नाश्ते पर खर्चे

28, Nov 2023 News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news 92

विधानसभा चुनावों से पहले प्रचार समाप्त होने के दिन 23 नवंबर तक ज्यादातर प्रत्याशियों ने अपना चुनाव खर्च 10 लाख रुपए से कम दिखाया है, जो आमजन के गले नहीं उतर रहा है। प्रत्याशियों ने भले ही चुनाव आयोग के अंकुश से चुनाव खर्च कम दिखाया है, लेकिन प्रचार व वाहनों की रैलियों को देखते हुए लाखों रुपए खर्च हुए हैं। प्रत्याशियों ने कुल खर्च में से 4 से 5 लाख रुपए का खर्च तो चाय-नाश्ता पर दिखाया है। बाकी का वाहनों, रैलियों और विज्ञापनों पर 3 से 5 लाख का खर्च होना बताया है।

जिले की 19 विधानसभा सीटों पर भाजपा-कांग्रेस पार्टियों के 38 प्रत्याशियों और 2 प्रमुख निर्दलीय प्रत्याशियों के द्वारा चुनाव आयोग में दिए गए खर्च को देखे तो 34 प्रत्याशियों ने 10 लाख रुपए से कम का खर्च दिखाया है। सांगानेर विधान सभा पर कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों ने जिले में सबसे अधिक 20-20 लाख से अधिक खर्च किए हैं। आदर्श नगर से भाजपा प्रत्याशी रवि नैय्यर और जमवारामगढ़ से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र पाल मीणा ने भी 19-19 लाख रुपए से अधिक खर्च दिखाया है। शाहपुरा से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष यादव ने 6.77 और भाजपा के उपेन यादव ने 5.70 का खर्च दिखाया है। फुलेरा से भाजपा प्रत्याशी निर्मल कुमावत ने 4.43 लाख का ही खर्च दिखाया है।

शहर की 10 विधानसभा सीटों पर सांगानेर के प्रत्याशियों ने सबसे अधिक खर्च किए, सबसे कम किशनपोल के भाजपा प्रत्याशी ने 3.36 लाख का खर्च बताया

झोटवाड़ा

  • कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक चौधरी ने 10.64 लाख रुपए का खर्च दिखाया है, जिसमें 5 लाख रुपए का रैली-विज्ञापन आैर 5 लाख रुपए अॉफिस खर्च में चाय-नाश्ते पर बताया है।
  • भाजपा प्रत्याशी कर्नल राज्यवर्धन सिंह ने 8.44 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 7 लाख रुपए अॉफिस खर्च में चाय-नाश्ता, बाकी के बैनर-पोस्टर में खर्च बताया है।
  • निर्दलीय आश़ु सिंह शेखावत ने भी 8.20 लाख रुपए का खर्च बताया है।

आमेर

  • भाजपा प्रत्याशी सतीश पूनियां ने 7.58 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 3.60 लाख की चाय-कचौरी, 1 लाख का टेंट, 2 लाख रुपए वाहनों पर खर्च बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी प्रशांत शर्मा ने 9.66 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख रुपए अॉफिस खर्च, चाय-नाश्ता आैर 2.5 लाख पोस्टर, 1.52 लाख वाहनों पर खर्च बताया है।

विद्याधर नगर

  • कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम अग्रवाल ने 5.27 लाख का खर्च दिखाया है। उन्होंने 3.20 लाख का चाय-नाश्ता, 2 लाख के वाहन व ऑफिस खर्च बताया है।
  • भाजपा की प्रत्याशी दीया कुमारी ने 8.29 लाख का खर्च बताया है 1.75 लाख का चाय-नाश्ता, 2.80 लाख का ऑफिस खर्च, 3 लाख रुपए का रैली व वाहन खर्च बताया है।

सिविल लाइन

  • भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने 9.83 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 93 हजार की चाय, 86 हजार का पानी, 3 लाख का खाना, 2.63 लाख पर वाहनों पर खर्च बताया है। बाकी विज्ञापन, फोटोग्राफी पर खर्च होना बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास ने 5.97 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 3.51 लाख रुपए चाय-नाश्ते पर आैर बाकी विज्ञापन, वाहनों पर खर्च बताया है।

किशनपोल

  • कांग्रेस के अमीन कागजी ने 6.61 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख चाय व समोशा-कचौरी पर आैर 2 लाख बैनर-पोस्टर व ऑफिस खर्च बताया है।
  • भाजपा के किशनपोल में प्रत्याशी चंद्रमोहन बटवाड़ा ने 3.36 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 1 लाख की चाय, 1 लाख की ऑफिस व 1 लाख का बैनर पोस्टर में खर्च किए हैं।

आदर्श नगर

  • कांग्रेस प्रत्याशी रफीक खान ने 10.11 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 7 लाख जनसभा-रैलियों में, 2 लाख चाय-नाश्ते आैर 1 लाख का अन्य खर्च बताया है।
  • भाजपा प्रत्याशी रवि नैयर ने 19.71 लाख रुपए का खर्र्च बताया है, जिसमें अॉफिस खर्च 4.2 लाख, 4 लाख रुपए का चाय-नाश्ता, 2 लाख की लाइट व 6 लाख विज्ञापन पर खर्च बताया है।

मालवीय नगर

  • भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सराफ ने 10.28 लाख का खर्च बताया है। 4 लाख अॉफिस व रैली में , 2 लाख की चाय, 1 लाख टैंट में खर्च बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना शर्मा ने 12.75 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख वाहनों, 5 लाख विज्ञापनों आैर 2 लाख चाय-नाश्ते पर बताया है।

सांगानेर

  • भाजपा प्रत्याशी भजनलाल ने 26 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 8 लाख की चाय-कचौरी, 2 लाख का पानी, 10 लाख के विज्ञापन और 5 लाख ऑफिस खर्च बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने 20.49 लाख का खर्च बताया है। 8 लाख रुपए चाय-कचौरी, 7 लाख विज्ञापन, 3 लाख ऑफिस में टेंट खर्च, 2 लाख रुपए वाहनों पर खर्च बताया है।

बगरू

  • कांग्रेस प्रत्याशी गंगा देवी ने 5.18 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख रुपए के विज्ञापन व 1 लाख रूपए खाना पर खर्च बताया है।
  • भाजपा प्रत्याशी कैलाश चंद वर्मा ने 4.58 लाख का खर्च बताया है, जिसमें ऑफिस व वाहनों का खर्च बताया है।

हवामहल

कांग्रेस प्रत्याशी आरआर तिवाड़ी ने 8.89 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 6 लाख रुपए टेंट व रैलियों पर और 2.50 लाख चाय-नाश्ता व बैनर-पोस्टर पर खर्च किए।

भाजपा प्रत्याशी बालमुकुंद आचार्य ने 6.88 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख रुपए का खान-पान पर, 1.5 लाख विज्ञापनों, 90 हजार रुपए ऑफिस खर्च बताया है।

जिले में सबसे अधिक सांगानेर विधानसभा में कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों ने 20-20 लाख रुपए खर्च किए हैं। वहीं, सबसे कम किशनपोल के भाजपा प्रत्याशी ने 3.36 लाख का खर्च बताया है।



About author

News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news

AB 208 Nirman Nagar Vivekanand Marg Ajmer road jaipur - 302019


Scroll to Top