देश

सिक्किम में भूस्खलन से मिलिट्री कैंप तबाह: 3 जवानों की मौत, 6 लापता, पूर्वोत्तर में बारिश का कहर

02, Jun 2025 News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news 27

गंगटोक: सिक्किम के चटेन में रविवार शाम 7 बजे भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन ने एक मिलिट्री कैंप को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 3 जवानों की मौत हो गई, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। चार लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। छह जवान अभी भी लापता हैं, और सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना ने सोमवार को बताया कि मृतकों की पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में हुई है।

 

लाचेन-लाचुंग से 1,600 टूरिस्ट रेस्क्यू
सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में 30 मई से फंसे 1,600 से ज्यादा टूरिस्टों को सोमवार सुबह रेस्क्यू किया गया। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त होने से ये पर्यटक फंसे थे। मंगन जिला प्रशासन और सेना ने मिलकर बचाव कार्य किया। लाचेन में अभी भी 150 पर्यटक फंसे हैं, जो सुरक्षित हैं और होटलों में ठहरे हुए हैं।

 

पूर्वोत्तर में बारिश से 37 की मौत
पिछले चार दिनों से सिक्किम सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का कहर जारी है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 37 लोगों की जान जा चुकी है। असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 लोगों की मौत हुई है। असम में 3.64 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां ब्रह्मपुत्र और बराक सहित 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मणिपुर में 19,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं, और 3,365 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। त्रिपुरा में 10,000 से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल में 2 जून को भारी बारिश के कारण सभी स्कूल बंद कर दिए गए, और 30 मई से अब तक 211 भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं।

 

पिछले साल भी तीस्ता में आई थी तबाही
अक्टूबर 2023 में सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आई थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हुई थी और 98 लोग लापता हो गए थे, जिनमें 22 जवान शामिल थे। इनका कोई सुराग नहीं मिला था।

 

बचाव कार्य में सेना-एयरफोर्स तैनात
पूर्वोत्तर राज्यों में राहत और बचाव के लिए भारतीय सेना, वायुसेना और असम रायफल्स के जवान तैनात हैं। सिक्किम में एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन मुश्किल परिस्थितियों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। सिक्किम पुलिस ने आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर (03592-202892, 03592-221152, 8001763383) जारी किए हैं।

 

राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार में भी बारिश का अलर्ट
इधर, राजस्थान के 30 जिलों और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है। बिहार के वैशाली में रविवार शाम तेज आंधी-बारिश के कारण एक घर गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बिहार के 9 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है।



About author

News19Raj Today's News Jaipur, Hindi news, Jaipur news

AB 208 Nirman Nagar Vivekanand Marg Ajmer road jaipur - 302019


Scroll to Top