
जयपुर: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा की ओर से घर-घर सिंदूर बांटने की योजना पर तीखा हमला बोला है। सीकर में अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में डोटासरा ने कहा कि माता-बहनें केवल अपने पति के नाम का सिंदूर लगाती हैं। उन्होंने पहलगाम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 26 बहनों के पति आतंकियों ने मार दिए, क्या उन्हें मोदी का बांटा हुआ सिंदूर लगाना स्वीकार होगा? डोटासरा ने इसे हिंदू संस्कृति के खिलाफ और निंदनीय बताया।
भाजपा पर वोट की राजनीति का आरोप
डोटासरा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस केवल वोट की राजनीति करते हैं। वे भावनाओं को भड़काकर, हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करके तीसरी बार सत्ता में आए, लेकिन अब उनके दांव उल्टे पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपनी बहनों के उजड़े सिंदूर का बदला चाहिए, न कि ऐसी योजनाएं।
मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल
पीसीसी चीफ ने कहा कि भारत को अमेरिका के कहने पर सीजफायर नहीं करना चाहिए था। उन्होंने एयर चीफ मार्शल के बयान का हवाला देते हुए कहा कि रक्षा सामग्री नहीं मिल रही, इसका जवाब मोदी को देना चाहिए। डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि पहले मोदी "एक के बदले 10 सिर" और "आंख लाल करने" की बात करते थे, लेकिन अब केवल सांकेतिक भाषा में कहते हैं कि "कांटा चुभ रहा है, शरीर स्वस्थ है।"
संसद में जवाबदेही की मांग
डोटासरा ने मांग की कि प्रधानमंत्री को विशेष सत्र बुलाकर संसद में बताना चाहिए कि कहां चूक हुई, जिसके चलते 26 लोगों को आतंकवादियों ने मारा। साथ ही, भविष्य में देश को सुरक्षित रखने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी केवल चुनावी रैलियों में व्यस्त हैं।
विदेशी चीजों के बहिष्कार पर तंज
डोटासरा ने मोदी के "विदेशी चीजों का बहिष्कार" वाले बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मोदी का चश्मा, कोट, जूते सब विदेशी हैं। 80 देशों की यात्रा करने के बावजूद संकट के समय कोई देश भारत के साथ खड़ा नहीं हुआ। डोटासरा ने कहा कि भाजपा केवल धर्म और जाति के आधार पर लोगों को बांटकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है।
AB 208 Nirman Nagar Vivekanand Marg Ajmer road jaipur - 302019
Latest Videos
Advertisement Videos
Trend Videos